राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एसडीएम ने की बैठक, मतदाता सूची पुनरीक्षण पर हुई चर्चा   

103

अलीगंज विधानसभा क्षेत्र में एसएसआर कार्यक्रम की दी जानकारी, छूटे हुए मतदाताओं के नाम जुड़वाने में सहयोग की अपीलअलीगंज विधानसभा क्षेत्र 103-अलीगंज में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर सोमवार को उपजिलाधिकारी डॉ. शशि शेखर की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया, निर्धारित समय-सारिणी और आगामी विशेष अभियान दिवसों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। एसडीएम ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने और पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल कराने में सहयोग करने की अपील की।


बैठक के दौरान एसडीएम डॉ. शशि शेखर ने बताया कि एसएसआर कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए निर्वाचन विभाग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को कार्यक्रम की समय-सारिणी से अवगत कराते हुए कहा कि पुनरीक्षण के दौरान किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटना नहीं चाहिए।

इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस दौरान मतदेय स्थलों के युक्तिकरण (रैशनलाइजेशन) के उपरांत हुए परिवर्तनों की जानकारी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दोबारा उपलब्ध कराई गई। साथ ही नवीन बूथ लेवल अधिकारियों, पर्यवेक्षकों और पदाभिहित अधिकारियों की सूची भी सौंपी गई, जिससे संबंधित बूथों पर जिम्मेदार कर्मचारियों की जानकारी राजनीतिक दलों तक पहुंच सके।

एसडीएम ने प्रतिनिधियों से कहा कि वे अपने स्तर से भी मतदाताओं को परिवर्तित मतदेय स्थलों की जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि मतदान के समय किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने बताया कि 21, 22, 28 एवं 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन दिनों बूथों पर पहुंचकर छूटे हुए पात्र मतदाता अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

एसडीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने बूथ स्तरीय प्रतिनिधियों के माध्यम से ऐसे लोगों को चिह्नित कराएं, जिनके नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके हैं। बैठक में सभी से निर्वाचन प्रक्रिया को सफल बनाने में सहयोग की अपेक्षा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *