अस्ताचलगामी और उदयीमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर व्रतियों ने की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना, 36 घंटे के निर्जला व्रत का किया पारण
जमशेदपुर
लोक आस्था, श्रद्धा और सूर्योपासना का महापर्व छठ पूजा बारीडीह शिव मंदिर परिसर स्थित छठ घाट पर पूरे भक्तिभाव, समर्पण और हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में व्रतियों एवं श्रद्धालुओं ने रविवार की संध्या अस्ताचलगामी सूर्य तथा सोमवार की प्रातः उदयीमान भगवान भास्कर को विधि-विधान के साथ अर्घ्य अर्पित किया। व्रतियों ने परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य, धन-धान्य, शांति एवं खुशहाली की मंगलकामना की।महापर्व के आयोजन को लेकर बारीडीह शिव मंदिर समिति की ओर से व्यापक तैयारियां की गई थीं। छठ घाट एवं आसपास के क्षेत्रों की “आत्मरक्षा” साफ-सफाई से लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा तक सभी व्यवस्थाएं समिति के सौजन्य से की गईं। नदी एवं घाट के आसपास आकर्षक सजावट के साथ रंग-बिरंगी विद्युत रोशनी की व्यवस्था की गई थी, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय और आकर्षक दिखाई दे रहा था।

रविवार की संध्या व्रतियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार दउरा और सूप में फल, ठेकुआ एवं पूजन सामग्री सजाकर अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया। रविवार की सुबह उगते सूर्य को दूसरा अर्घ्य देने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। छठी मैया के पारंपरिक गीतों—’कांच ही बांस के बहंगिया’, ‘उगे हो सूरज देव’ और ‘केलवा के पात पर उगेलन सूरज देव’ की मधुर धुनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। सिर पर दउरा और हाथों में सूप लिए श्रद्धालु घाट की ओर बढ़ते नजर आए। भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के पश्चात व्रतियों ने पारण कर 36 घंटे के निर्जला उपवास का समापन किया।
इस दौरान जमशेदपुर के विभिन्न मोहल्लों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बारीडीह शिव मंदिर छठ घाट पहुंचे। सामाजिक संगठनों एवं स्वयंसेवकों ने भी सेवा भावना के साथ अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई। श्रद्धालुओं के बीच दूध, दातुन सहित आवश्यक सामग्री का वितरण किया गया। आयोजन में सामाजिक समरसता, सहयोग और सेवा भावना की सुंदर मिसाल देखने को मिली।

इस अवसर पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, जमशेदपुर के संस्थापक एवं ‘नमन शहीदों को नमन’ के सह-संयोजक वरुण कुमार ने सभी व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छठ पूजा भारतीय संस्कृति, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, अनुशासन, पवित्रता और सामाजिक एकता का अनुपम पर्व है। यह पर्व हमें प्रकृति के संरक्षण, परिवार की खुशहाली और समाज के प्रति सेवा एवं समर्पण का संदेश देता है।

आयोजन को सफल बनाने में मंदिर समिति के अध्यक्ष बृज किशोर सिंह, महामंत्री आशीष झा, आत्मरक्षा विनय मिश्रा रतन कुमार शुक्ला, रवि कुमार शुक्ला, दुद्धेश्वर मिश्रा, कार्तिक झा, रोशन झा, पंडित हीरालाल मिश्रा, पंडित हीराकांत झा, शिबु जी, रतन कुमार, सतीश कुमार झा एवं बी.बी. सिंह सहित अनेक सदस्यों और श्रद्धालुओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। रूप से आकर्षक विद्युत सजावट एवं साज-सज्जा के लिए नीतीश एवं मुकेश के योगदान की सराहना की गई।मंदिर समिति ने महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने में सहयोग देने वाले सभी व्रतियों, श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवकों एवं स्थानीय नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
आशीष झा
महामंत्री, बारीडीह शिव मंदिर समिति
