ईवीएम की कार्यप्रणाली समझने को तहसील पहुंचे 120 लोग, किया मतदान


जागरूकता प्रदर्शन के दूसरे दिन एसडीएम ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

अलीगंज।तहसील परिसर में ईवीएम के प्रति मतदाताओं को जागरूक करने के लिए शुरू किए गए प्रदर्शन कार्यक्रम के दूसरे दिन शनिवार को लोगों में उत्साह देखने को मिला। ईवीएम की कार्यप्रणाली को करीब से समझने के लिए 120 लोग तहसील पहुंचे और मशीन के माध्यम से मतदान किया। इस दौरान लोगों को मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी गई और बताया गया कि ईवीएम के जरिए मताधिकार का प्रयोग किस तरह किया जाता है।

निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ाने और ईवीएम को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रांति दूर करने के उद्देश्य से तहसील परिसर स्थित कक्ष संख्या एक में यह व्यवस्था की गई है। मुख्यालय से भेजी गई ईवीएम मशीनों को निर्धारित स्थान पर रखकर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक प्रदर्शन के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है। दूसरे दिन भी निर्धारित समय पर लोग पहुंचे और मशीन का बटन दबाकर मतदान की प्रक्रिया को समझा।

इस दौरान युवाओं के साथ अन्य नागरिकों ने भी रुचि दिखाई। शनिवार को उपजिलाधिकारी अलीगंज डॉ. शशि शेखर और तहसीलदार संजय कुमार ने प्रदर्शन स्थल का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने वहां पहुंचकर ईवीएम की व्यवस्था देखी और लोगों को दी जा रही जानकारी के संबंध में जायजा लिया। उन्होंने मशीनों की सुरक्षा, प्रदर्शन की व्यवस्था तथा आमजन की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुनिश्चित किया कि जागरूकता कार्यक्रम के दौरान आने वाले लोगों को ईवीएम की कार्यप्रणाली समझने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

एसडीएम डॉ. शशि शेखर ने बताया कि ईवीएम के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए तहसील में प्रदर्शन की व्यवस्था की गई है। आमजन निर्धारित समय में पहुंचकर मशीन को देख सकते हैं और मतदान की प्रक्रिया को समझ सकते हैं। इसका उद्देश्य मतदाताओं को निर्वाचन प्रणाली की जानकारी देना और उन्हें जागरूक करना है। इस पहल से पहली बार मतदान करने वाले युवाओं सहित अन्य नागरिकों को मतदान प्रक्रिया को समझने का अवसर मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *