स्वाट टीम और कोतवाली देहात पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, मटेरा थाने का हिस्ट्रीशीटर शमीम गिरफ्तार
बहराइच। जनपद पुलिस ने करीब 21 वर्षों से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। वर्ष 2005 में जिला कारागार बहराइच से फरार हुआ आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शमीम पुत्र नसीम निवासी ग्राम धनौली, थाना मटेरा, जनपद बहराइच के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 60 वर्ष बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, शमीम वर्ष 2005 में थाना नानपारा में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में गिरफ्तार हुआ था। इसके बाद उसे जिला कारागार बहराइच में निरुद्ध किया गया था। जेल में रहने के दौरान वह फरार हो गया। इस संबंध में कोतवाली देहात में मुकदमा अपराध संख्या 807/2005, धारा 224 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। लगातार गिरफ्तारी न होने पर उसकी गिरफ्तारी के लिए 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। स्वाट टीम और कोतवाली देहात पुलिस लगातार सर्विलांस तथा मुखबिर तंत्र के माध्यम से आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी अभियान के तहत 21 नवंबर 2026 को संयुक्त पुलिस टीम ने करीब 21 साल से फरार चल रहे शमीम को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी थाना मटेरा का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ नबाबगंज, नानपारा और कोतवाली देहात थानों में हत्या के प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
इस कार्रवाई में अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी एवं क्षेत्राधिकारी नगर नारायण दत्त मिश्र के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देहात ददन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम तथा स्वाट टीम शामिल रही।
21 साल बाद हुई गिरफ्तारी: वर्ष 2005 में जिला जेल से फरार हुआ आरोपी करीब दो दशक तक पुलिस की पकड़ से बाहर रहा। आखिरकार बहराइच पुलिस की संयुक्त टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
