बहराइच। जनपद बहराइच के थाना पयागपुर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 किलो अवैध गांजा के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष विक्रम सिंह तथा क्षेत्राधिकारी पयागपुर हर्षिता तिवारी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी दीपक सिंह के नेतृत्व में थाना पयागपुर, स्वाट टीम एवं सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को पयागपुर चौराहे पर वाहन एवं संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर गंगवल रोड स्थित निबिया मनीकापुर नहर पुलिया के पास चार संदिग्धों को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से कुल 16 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अदनान (लखनऊ), विपिन मिश्रा उर्फ गौरव मिश्रा, प्रवेश मिश्रा (दोनों निवासी सोहरियावां, पयागपुर) तथा शुभ गुप्ता (लखनऊ) के रूप में हुई है। पुलिस ने थाना पयागपुर में मु.अ.सं. 297/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त प्रवेश मिश्रा के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी दीपक सिंह, उपनिरीक्षक रमेशचंद्र, हेड कांस्टेबल आलोक यादव एवं हेड कांस्टेबल रामनाथ यादव शामिल रहे।
