कटरा बाजार में दो ई-रिक्शा से चार बैटरियां चोरी, 1 हफ्ते में पीपल चौराहे पर चोरी की तीसरी वारदात

पुलिस गश्त पर सवाल, चोरों के हौसले बुलंद, व्यापारियों ने सख्त कार्रवाई की उठाई मांग

गोण्डा। थाना कटरा बाजार क्षेत्र में बेखौफ चोरों के हौसले लगातार बुलंद हैं। शनिवार रात चोरों ने पीपल चौराहे पर पर स्थित रामकुमार कोल्ड ड्रिंक की दुकान के बाहर खड़ी दो ई-रिक्शा से चार बैटरियां पार कर दीं। यह एक सप्ताह के अंदर पीपल चौराहे पर हुई चोरी की तीसरी वारदात है। इससे पुलिस की गश्त और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

बेखौफ चोर, पुलिस गश्त कागजों तक सीमित

पीड़ित दुकानदार के अनुसार चोरों ने यह वारदात बिना किसी डर के अंजाम दी। इससे पहले बीते दिनों पास के मंदिर के दानपात्र से नकदी चोरी हुई थी और बब्बू किराना स्टोर का शटर तोड़ने का प्रयास किया गया था। शोर मचने पर चोर अपना सामान छोड़कर भाग गए थे।

व्यापारियों में आक्रोश, सुरक्षा की मांग

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय निवासियों और व्यापारियों में आक्रोश है। व्यापारियों का आरोप है कि पीपल चौराहे पर पुलिस और डायल 112 की गश्त के बावजूद चोरों में पुलिस का कोई खौफ नहीं बचा है। इससे पूरे इलाके में असुरक्षा का माहौल बन गया है। व्यापारियों ने प्रशासन और पुलिस के उच्चाधिकारियों से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, सीसीटीवी कैमरे लगवाने और चोरों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने की अपील की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *