संवाददाता आकाश मिश्र बहराइच
बहराइच। फखरपुर विकासखंड का कोदही-कनेरा संपर्क मार्ग पिछले करीब सात वर्षों से बदहाली का दंश झेल रहा है। बरसात शुरू होते ही सड़क पूरी तरह जलमग्न हो गई है। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों और जलभराव के कारण यह मार्ग सड़क कम, तालाब अधिक नजर आ रहा है। इससे राहगीरों, व्यापारियों, स्कूली बच्चों और श्रद्धालुओं को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कोदही से कनेरा बाजार को जोड़ने वाला यह प्रमुख संपर्क मार्ग क्षेत्र की जीवनरेखा है। इसी रास्ते से कनेरा का साप्ताहिक बाजार और प्रसिद्ध कोटवा धाम मंदिर जाने वाले हजारों श्रद्धालु गुजरते हैं। लेकिन सड़क की जर्जर हालत के चलते आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं और वाहनों के खराब होने की घटनाएं भी बढ़ रही हैं।

दुकानदारों का आरोप है कि सड़क पर जलभराव और कीचड़ के कारण ग्राहकों की आवाजाही कम हो गई है, जिससे उनका कारोबार प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन आज तक केवल आश्वासन ही मिला, सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क का निर्माण और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं कराई गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से तत्काल संज्ञान लेकर सड़क की मरम्मत कराने तथा जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है
