आकाश मिश्र बहराइच
बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में कतरनिया घाट वन्य जीव प्रभाग के अंतर्गत आने वाली ककरहा रेंज में शनिवार की भोर एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहाँ घर के बरामदे में सो रहे 88 वर्षीय बुजुर्ग को तेंदुए ने अपना निवाला बना लिया। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति भारी आक्रोश देखा जा रहा है। घटना मूर्तिहा थाना क्षेत्र के लोधन पुरवा गांव की है।

शनिवार सुबह करीब चार बजे जब ग्रामीण राम यादव अपने घर के बाहर बने बरामदे में निश्चिंत होकर सो रहे थे, तभी घात लगाए बैठे एक तेंदुए ने उन पर अचानक हमला कर दिया। तेंदुआ इतना आक्रामक था कि वह बुजुर्ग को सीधे बरामदे से खींचकर बाहर ले गया। बुजुर्ग की करुण पुकार सुनकर उनके पौत्र सूरज यादव और परिवार के अन्य सदस्य लाठी-डंडे लेकर शोर मचाते हुए मौके पर पहुँचे। परिजनों के साहस और शोर के कारण तेंदुआ वृद्ध को छोड़कर पास के जंगल की ओर भाग खड़ा हुआ। तेंदुए के हमले में राम यादव का गला बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था।
परिजन आनन-फानन में उन्हें गंभीर अवस्था में मिहिपुरवा स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने गहन परीक्षण के बाद बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया। इस दुखद घटना की पुष्टि करते हुए प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) अपूर्व दीक्षित ने बताया कि पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि नियमानुसार आर्थिक सहायता शीघ्र ही प्रदान की जाएगी।
इसके साथ ही, डीएफओ ने वन विभाग की विशेष टीमों को ककरहा रेंज के आसपास के गांवों में गश्त बढ़ाने और ग्रामीणों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं ताकि भविष्य में इस तरह की पुनरावृत्ति न हो। फिलहाल वन विभाग के कर्मचारी इलाके में तेंदुए की मूवमेंट पर नजर रख रहे हैं।
