अवैध मेडिकल स्टोर पर छापा, प्रतिबंधित कफ सिरप व नशीली दवाएं बरामद

बहराइच। जनपद के रुपईडीहा थाना क्षेत्र में पुलिस व औषधि प्रशासन विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध मेडिकल स्टोर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप व अन्य नशीली दवाइयां बरामद की हैं। कार्रवाई के दौरान मेडिकल स्टोर संचालक को गिरफ्तार कर लिया गया।

जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक बहराइच के निर्देश पर अपराध एवं मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत औषधि प्रशासन विभाग और थाना रुपईडीहा पुलिस की संयुक्त टीम ने कस्बा क्षेत्र में जांच अभियान चलाया। इस दौरान प्राइवेट बस स्टैंड के पास बिना वैध लाइसेंस संचालित मेडिकल स्टोर की जांच की गई।

जांच में मेडिकल स्टोर से अवैध रूप से रखी गई एलोपैथिक दवाइयां, प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप एवं नशीले कैप्सूल बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने संचालक को हिरासत में लेकर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट, धारा 278 BNS तथा औषधि एवं प्रसाधन अधिनियम 1940 की धाराओं में कार्रवाई की गई है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *