रक्षाबंधन पर चेकिंग के दौरान पुलिस-बदमाशों में मुठभेड़, पैर में गोली लगने से एक गिरफ्तार

अलीगंज। रक्षाबंधन पर्व को लेकर क्षेत्र में चल रही पुलिस चेकिंग के दौरान गुरुवार की रात अलीगंज पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। गांव मितौलिया के पास कंपिल मार्ग पर पुलिस ने बाइक सवार तीन संदिग्ध युवकों को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी और कंपिल की ओर भागने लगे। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों की ओर भाग निकले।

घटना रात करीब 8:50 बजे की बताई गई है। गिरफ्तार बदमाश की पहचान लालू उर्फ लल्लू पुत्र बाबू निवासी रमपुरा, थाना पासगमां, जिला लखीमपुर खीरी के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, बिना नंबर की स्प्लेंडर आई-स्मार्ट बाइक और 4,600 रुपये नकद बरामद किए। तमंचे की बैरल में एक कारतूस फंसा हुआ भी मिला।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ अलीगंज कस्बे में सुनार की दुकान में चोरी समेत छह अन्य चोरी की वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर कन्हैया पुत्र गौरी शंकर निवासी लालपुर नई बस्ती, थाना कोतवाली कासगंज तथा गब्बर उर्फ हरिश्चंद्र पुत्र कल्लू निवासी कुइया मूठ मढ़ैया, थाना मऊदरवाजा, फर्रुखाबाद को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण वे नितिन कुमार सुनार पुत्र गिरीश चंद्र निवासी मोहल्ला जय जय राम, सहावर गेट, कासगंज को बेचते थे। पुलिस ने सुनार के यहां दबिश देकर उसके कब्जे से अलीगंज में चोरी किए गए करीब 650 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए।

वहीं अलीगंज सर्किल के थाना राजा का रामपुर पुलिस ने भी 27 अगस्त की रात चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें दीपक उर्फ लालू, शिव, गया सिंह और प्रताप सिंह शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से दो जोड़ी बिछिया, एक जोड़ी तोड़िया, 3,130 रुपये नकद, 315 बोर के दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस और दो चाकू बरामद किए गए। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर पुलिस की सक्रियता से एक ही रात में चोरी की वारदातों के खुलासा किया है दिलीप सिह अलीगज एटा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *