भोपाल। कांग्रेस नेता एवं पार्टी के प्रचारक आशीष तिवारी ने 1 नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया ब्लॉक द्वारा आयोजित वोट बचाओ, देश बचाओ जनमार्च एवं महारैली में मध्यप्रदेश समेत देशवासियों से बढ़-चढ़कर भागीदारी की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा, मताधिकार की सुरक्षा और जनता के प्रति सरकार की जवाबदेही आज देश के सबसे महत्वपूर्ण सवाल हैं।

तिवारी ने कहा कि वोट चोरी के आरोप, मतदाता सूची मे अनियमितता , SIR प्रक्रिया की पारदर्शिता और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की जवाबदेही पर उठ रहे सवालों का निष्पक्ष जांच कर समाधान होना चाहिए। हर पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार और चुनावी प्रक्रिया पर भरोसा लोकतंत्र की अनिवार्य शर्त है।
उन्होंने कहा कि बेतहाशा महंगाई से परेशान परिवार, रोजगार के लिए संघर्ष करते युवा और आर्थिक संकट से जूझते किसान अब ठोस समाधान चाहते हैं। कुंभकर्णी नींद में मदमस्त सरकार को जागना होगा—देश को प्रचार नहीं, रोजगार चाहिए और आश्वासन नहीं, जवाबदेही चाहिए।
तिवारी ने कहा कि राहुल गांधी शोषित,पीड़ित,वंचित असहाय वर्ग की आवाज बनकर जनता के अधिकारों, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक संस्थाओं की जवाबदेही से जुड़े मुद्दों को सड़क से सदन तक प्रमुखता से उठा रहे हैं।
उन्होंने मध्यप्रदेश वासियों से अपने हक,न्याय,अधिकार, संविधान व लोकतंत्र के लिए 1 नवंबर को रामलीला मैदान दिल्ली पहुंचने तथा सत्ता परिवर्तन आगाज में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।
