संयुक्त कार्रवाई में पुलिस, एसएसबी और एएनटीएफ को बड़ी सफलता, बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब एक करोड़ रुपये
बहराइच। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रुपईडीहा थाना पुलिस, एसएसबी और एएनटीएफ लखनऊ की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक नेपाली तस्कर को 1.586 किलोग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दुर्गा प्रसाद तिवारी तथा क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह रावत के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 14 जुलाई 2026 को कस्बा रुपईडीहा स्थित एसएसबी चेक पोस्ट पर थाना रुपईडीहा पुलिस एवं एसएसबी की संयुक्त टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ एवं तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1.586 किलोग्राम अवैध चरस बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विरेन्द्र बहादुर सिंह (34 वर्ष) पुत्र कुश बहादुर सिंह, निवासी बारेकोट ग्राम पालिका, वार्ड संख्या-4, जिला जाजरकोट, नेपाल के रूप में हुई। पूछताछ में उसने बताया कि वह नेपाल से चरस लेकर रुपईडीहा चेक पोस्ट के रास्ते भारत में प्रवेश कर रहा था।
बरामदगी के आधार पर थाना रुपईडीहा में मु.अ.सं. 176/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
इस कार्रवाई में रुपईडीहा पुलिस, एएनटीएफ लखनऊ तथा 42वीं वाहिनी एसएसबी, नानपारा की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए आगे भी सघन चेकिंग अभियान जारी रहेगा।
