पानी के विवाद में महिला से मारपीट, बेटी से छेड़खानी का आरोप; बेटे पर कुल्हाड़ी से हमला

अलीगंज। क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर कोट में पानी के विवाद को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। मामले में फूलवती पत्नी मुकेश ने गांव के ही कुछ लोगों पर गाली-गलौज, मारपीट, बेटी के साथ अभद्रता तथा बेटे पर धारदार हथियार से हमला करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

फूलवती के अनुसार, 13 अगस्त 2026 को पानी के विवाद को लेकर गांव के गौतम पुत्र संतोष ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर उसकी बेटी अन्नू अपनी मां को बचाने के लिए मौके पर पहुंची। आरोप है कि इसी दौरान संजू, गौतम, रिंकू और उदयवीर पुत्रगण संतोष निवासी अकबरपुर कोट ने अन्नू को पकड़कर घसीटा और उसके कपड़े फाड़ दिए। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने अन्नू के साथ अश्लील हरकत और छेड़खानी भी की। फूलवती का कहना है उक्त लोग मेरी बेटी को एक महीने से परेशान कर रहे हैं।

फूलवती के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलने पर उसका बेटा आनंद भी मौके पर पहुंचा। आरोप है कि इसी दौरान संतोष ने धारदार हथियार कुल्हाड़ी से आनंद पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
थाना अध्यक्ष रूपेश वर्मा ने बताया घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची है। घटना को संज्ञान में लिया गया है‌ तहरीर प्राप्त हो गई है।जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *