दतिया के कलाकार करेंगे रामलीला का मंचन, 11 अक्टूबर को निकलेगी भव्य श्रीराम बारात; 22 अक्टूबर को राजतिलक के साथ होगा समापन

अलीगंज। कस्बे में मंगलवार देर रात करीब 10:30 बजे श्रीरामलीला महोत्सव का विधिवत शुभारंभ हो गया। आदर्श रामलीला मंडल एवं कला मंच, बड़गांव, दतिया मध्य प्रदेश के कलाकार इस बार भगवान श्रीराम के जीवन एवं उनकी लीलाओं का मंचन करेंगे। शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अलीगंज विधायक ठाकुर सत्यपाल सिंह राठौर मौजूद रहे।
कार्यक्रम में अलीगंज पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि सुजीत गुप्ता उर्फ बॉबी, पूर्व पालिका अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, रंजीत यादव और कस्बा इंचार्ज मनीष कुमार बालियान सहित अन्य अतिथियों ने सहभागिता की। रामलीला समिति की ओर से कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का माल्यार्पण कर एवं अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत किया गया।
इसके बाद विधायक ठाकुर सत्यपाल सिंह राठौर ने अन्य अतिथियों के साथ संयुक्त रूप से फीता काटकर श्रीरामलीला महोत्सव का शुभारंभ किया। इसके बाद भगवान गणेश की वंदना की गई और अतिथियों ने दीप प्रज्वलित किया। धार्मिक वातावरण में जय श्रीराम के जयकारों के बीच रामलीला महोत्सव की औपचारिक शुरुआत हुई।

प्राइमरी पाठशाला परिसर में होगा रामनाटक का मंचन
रामलीला प्रबंध समिति के पदाधिकारियों के अनुसार 6 अक्टूबर से प्रतिदिन रात्रि रामनाटक का मंचन किया जाएगा। इसके लिए प्राइमरी पाठशाला परिसर में रामलीला मंच तैयार किया गया है। दतिया मध्य प्रदेश के आदर्श रामलीला मंडल एवं कला मंच के कलाकार विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का मंचन करेंगे।
समिति के अनुसार रामलीला नाटक का उद्घाटन सांसद मुकेश राजपूत, विधायक ठाकुर सत्यपाल सिंह राठौर, नगर पालिका अध्यक्ष सुनीता संदीप गुप्ता और व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष प्रदीप कुमार गुप्ता संयुक्त रूप से करेंगे।
11 अक्टूबर को निकलेगी भव्य श्रीराम बारात
महोत्सव के दौरान 11 अक्टूबर को नगर में भगवान श्रीराम की भव्य बारात निकाली जाएगी। राम बारात को लेकर समिति की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। इसमें नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
20 अक्टूबर को कैल्ठा में दशहरा
श्रीरामलीला महोत्सव के तहत 20 अक्टूबर को ग्राम कैल्ठा स्थित रामलीला मैदान में दशहरा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 22 अक्टूबर को भगवान श्रीराम के राजतिलक के साथ महोत्सव का विधिवत समापन होगा।
रामलीला महोत्सव के कार्यक्रम
तिथि| कार्यक्रम
6 अक्टूबर से प्रतिदिन रात्रि रामनाटक का मंचन
11 अक्टूबर नगर में भव्य श्रीराम बारात
20 अक्टूबर कैल्ठा रामलीला मैदान में दशहरा कार्यक्रम
22 अक्टूबर भगवान श्रीराम का राजतिलक एवं महोत्सव का समापन
समिति ने की धर्मप्रेमी लोगों से सहभागिता की अपील
श्रीरामलीला प्रबंध समिति के अध्यक्ष राकेश कुमार स्वर्णकार और कार्यकारी अध्यक्ष विनोद कुमार आर्य ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी लोगों से महोत्सव के सभी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की।
इस दौरान रामलीला समिति के अध्यक्ष विनोद कुमार आर्य, महामंत्री नीलेश सक्सेना, प्रदीप गुप्ता टीपू, अरुण दलपति, संजय दीक्षित मुन्ना, बाबू गुप्ता, संतोष श्रीवास्तव, राजेश जैन, जयप्रकाश वर्मा और रामविलास राजपूत सहित समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
