किन्नौड़ी मंदिर के पास ट्रैक्टर के कल्टीवेटर की चपेट में आई बाइक, दो घायल

घर लौट रहे थे एक ही गांव के दोनों युवक, एंबुलेंस से सीएचसी अलीगंज पहुंचाया गया; प्राथमिक उपचार के बाद दोनों रेफर

अलीगंज। थाना अलीगंज क्षेत्र में किन्नौड़ी मंदिर के पास सड़क हादसे में बाइक सवार एक ही गांव के दो युवक घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंची एंबुलेंस से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीगंज में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर उपचार के लिए रेफर कर दिया।

घायलों की पहचान सचिन पुत्र रामनरेश, उम्र 21 वर्ष और आमोद पुत्र राजकुमार, उम्र 25 वर्ष, निवासी साड़रपुर, कोतवाली अलीगंज, जनपद एटा के रूप में हुई है। बताया गया कि हादसे के समय बाइक आमोद चला रहे थे, जबकि सचिन उनके साथ सवार थे।

सामने से निकला ट्रैक्टर, पीछे लगे कल्टीवेटर की चपेट में आए

घायल आमोद ने बताया कि वह सचिन के साथ बाइक से अपने घर जा रहे थे। किन्नौड़ी मंदिर के पास सामने से महिंद्रा ट्रैक्टर आ रहा था। उनके मुताबिक ट्रैक्टर तो बाइक के पास से निकल गया, लेकिन ट्रैक्टर के पीछे लगे कल्टीवेटर की चपेट में उनकी बाइक आ गई। हादसे में दोनों युवक घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर एंबुलेंस पहुंची और दोनों घायलों को सीएचसी अलीगंज ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया और उनकी हालत को देखते हुए आगे के उपचार के लिए रेफर कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *