मिशन शक्ति में उत्कृष्ट कार्य पर महिला उपनिरीक्षक रचना सिंह सम्मानित

एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव और पूर्व बेसिक शिक्षा मंत्री एवं सदर विधायक अनुपमा जायसवाल ने प्रशस्ति पत्र व मेडल देकर बढ़ाया उत्साह

बहराइच।:- महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए संचालित मिशन शक्ति अभियान में सराहनीय योगदान देने वाली थाना रामगांव की महिला उपनिरीक्षक एवं मिशन शक्ति प्रभारी रचना सिंह को सम्मानित किया गया।

उनके कार्यों, कर्तव्यनिष्ठा और सक्रियता की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव तथा पूर्व बेसिक शिक्षा मंत्री एवं सदर विधायक अनुपमा जायसवाल ने उन्हें प्रशस्ति पत्र और मेडल प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।महिला उपनिरीक्षक रचना सिंह मिशन शक्ति टीम के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा संबंधी उपायों तथा शासन की ओर से संचालित महिला कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

उनका प्रयास है कि महिलाएं और बालिकाएं अपने अधिकारों के प्रति सजग बनें, आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ें और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर पुलिस की सहायता लेने में संकोच न करें।महिला सुरक्षा के प्रति उनकी सक्रियता, संवेदनशील कार्यशैली और कर्तव्य के प्रति समर्पण पुलिस विभाग की महिला सशक्तीकरण संबंधी प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करता है।

मिशन शक्ति के माध्यम से जागरूकता फैलाने और महिलाओं में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने के उनके प्रयास सराहनीय हैं।सम्मान प्राप्त होने से रचना सिंह का उत्साह बढ़ा है। यह सम्मान महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण के लिए समर्पित पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देने वाला है। समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान, सुरक्षा और आत्मविश्वास का वातावरण बनाने में ऐसे प्रयास महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति समर्पण ही सच्ची सेवा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *