पुलिस और अभियोजन की प्रभावी पैरवी से मिली सफलता, महिला एवं बालिका अपराधों के 22 मामलों में भी दोषियों को सजा

बहराइच। जनपद में अपराधियों को सजा दिलाने और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन कन्विक्शन अभियान के तहत पुलिस और अभियोजन की प्रभावी पैरवी से बड़ी सफलता मिली है। पुलिस के अनुसार, 1 जनवरी से 11 अक्टूबर 2026 तक कुल 275 मामलों में 501 अभियुक्तों को दोषसिद्ध कराकर सजा दिलाई गई। इनमें दो अभियुक्तों को मृत्युदण्ड और 26 को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में न्यायालयों में मामलों की प्रभावी पैरवी की गई। जारी प्रेस नोट के मुताबिक, 17 मामलों में 26 अभियुक्तों को आजीवन कारावास, दो अभियुक्तों को 20 वर्ष के कारावास तथा 10 वर्ष या उससे अधिक के कारावास के 16 मामलों में 22 अभियुक्तों को सजा दिलाई गई।
इसके अतिरिक्त पांच से नौ वर्ष के कारावास के आठ मामलों में 17 अभियुक्तों और पांच वर्ष या उससे कम की सजा वाले 32 मामलों में 65 अभियुक्तों को दण्डित किया गया। वहीं, 111 मामलों में 176 अभियुक्तों को अन्य दण्ड दिए गए तथा 87 मामलों में 191 अभियुक्तों पर अर्थदण्ड लगाया गया।
महिला एवं बालिका अपराधों में भी प्रभावी पैरवी
महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों में दोषियों को सजा दिलाने के लिए भी पुलिस एवं अभियोजन ने प्रभावी पैरवी की। प्रेस नोट के अनुसार, पॉक्सो, दहेज हत्या, बलात्कार, एसिड अटैक, छेड़खानी तथा धारा 498ए/306 भादवि से संबंधित कुल 22 मामलों में अभियुक्तों को सजा दिलाई गई।
इनमें पॉक्सो के एक मामले में मृत्युदण्ड, दो मामलों में आजीवन कारावास तथा दो मामलों में 20 वर्ष से अधिक के कारावास की सजा शामिल है।
पुलिस और अभियोजन के समन्वय पर जोर
पुलिस के मुताबिक, ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत गंभीर अपराधों में दोषियों को सजा दिलाने और पीड़ितों को न्याय उपलब्ध कराने के लिए न्यायालयों में प्रभावी पैरवी की जा रही है। पुलिस और अभियोजन के समन्वित प्रयासों से विभिन्न मामलों में दोषसिद्धि सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
