अलीगंज में मां-बेटी से मारपीट का आरोप, युवती के सीने पर दांतों से काटा

खेत पर हुआ था विवाद, मां के कंधे और हाथ में भी चोट; दो दिन बाद भी मेडिकल न होने का आरोप, सीओ ने दिए कार्रवाई के निर्देश

अलीगंज (एटा)। कोतवाली अलीगंज क्षेत्र के एक गांव में मां-बेटी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित युवती ने अपने ही परिवार के लोगों पर लात-घूंसों और लोहे के पाइप से हमला करने का आरोप लगाया है। युवती का दावा है कि मारपीट के दौरान उसके चाचा ने उसके सीने पर दांतों से काट लिया, जबकि उसकी मां के कंधे और हाथ में भी चोट आई है। पीड़िता का आरोप है कि घटना के दो दिन बाद भी मां-बेटी का चिकित्सीय परीक्षण नहीं कराया गया।

पीड़िता के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे वह खेत पर बनी झोपड़ी में उपले पाथने गई थी। इसी दौरान भाई के खाने-पीने की व्यवस्था को लेकर दूसरे पक्ष के लोगों से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया। युवती ने कपड़े अस्त-व्यस्त करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

थाने पहुंचने पर भी मेडिकल न होने का आरोप

पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद वह अपनी मां के साथ शिकायत लेकर कोतवाली पहुंची, जहां करीब डेढ़ घंटे तक बैठने के बावजूद उसकी सुनवाई नहीं हुई। आरोप है कि हल्के के दरोगा हेमराज गौतम ने मेडिकल कराने के बजाय सुबह आने की बात कहकर वापस भेज दिया। घर लौटने के दौरान दूसरे पक्ष के लोगों द्वारा दोबारा मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

युवती के अनुसार, बाद में वह दोबारा थाने पहुंची तो दूसरे पक्ष के परमानंद और उसके परिवार का मेडिकल परीक्षण कराया गया। इस पर उसने अपनी और मां की चोटों का मेडिकल कराने की मांग की। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने खुली चोट होने पर ही मेडिकल कराने की बात कही।

सीओ ने दिए कार्रवाई के निर्देश

पीड़िता ने बताया कि शनिवार को वह दोबारा कोतवाली पहुंची और क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह से मुलाकात कर अपनी शिकायत रखी। इसके बावजूद मां-बेटी का मेडिकल परीक्षण नहीं होने का आरोप लगाया गया है।

इस संबंध में क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। युवती और उसकी मां को कोतवाली अलीगंज भेजा गया है तथा आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस को निर्देशित किया गया है।

पीड़िता ने मां-बेटी का चिकित्सीय परीक्षण कराने, मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

दिलिप सिंह मंडल ब्यूरो एटा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *