बाल विवाह रोकने के लिए आगे आएं जिलेवासी : डीएम

100 दिवसीय जागरूकता अभियान के तहत रैली निकाली गई, बाल विवाह मुक्त ग्राम पंचायतों के प्रधानों को मिला प्रमाणपत्र-

नवयुग समाचार संवाददाता

श्रावस्ती। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान को गति देने के लिए शुक्रवार को जिले में 100 दिवसीय जागरूकता अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी मनोज कुमार राय ने कलेक्ट्रेट परिसर से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने बाल विवाह मुक्त पोस्टर पर हस्ताक्षर कर अभियान में सहभागिता की और लोगों से बाल विवाह रोकने के लिए आगे आने की अपील की। जिलाधिकारी ने कहा कि बाल विवाह समाज की गंभीर समस्या है। कम उम्र में शादी होने से विशेषकर बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। कम उम्र में मातृत्व से मां और बच्चे दोनों के स्वास्थ्य को खतरा रहता है।

उन्होंने कहा कि बाल विवाह रोकना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर व्यक्ति का दायित्व है। उन्होंने जनपदवासियों और धर्मगुरुओं से अपील की कि वे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में बाल विवाह का समर्थन न करें। अपने क्षेत्रों में इस कुप्रथा के खिलाफ जागरूकता फैलाएं और बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करें। उन्होंने बताया कि बाल विवाह कानूनन अपराध है और इसमें शामिल लोगों के विरुद्ध कारावास एवं जुर्माने का प्रावधान है। इसके बाद कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कार्यक्रम अधिकारी अरविंद रस्तोगी की अध्यक्षता में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं, संबंधित विभागों और सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

इस दौरान बाल विवाह मुक्त ग्राम पंचायतों के रूप में चिन्हित पंचायतों के ग्राम प्रधानों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कंपोजिट विद्यालय के बच्चों ने बाल विवाह के दुष्परिणामों पर आधारित नाटक प्रस्तुत किया। इसके माध्यम से कम उम्र में विवाह से बच्चों की शिक्षा और भविष्य पर पड़ने वाले प्रभावों को दर्शाया गया। उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले बच्चों को प्रशस्ति पत्र और आर्ट किट देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों, धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों और अन्य प्रतिभागियों ने सामूहिक शपथ लेकर बाल विवाह न करने, न कराने और अपने आसपास होने वाले ऐसे विवाहों को रोकने के लिए प्रयास करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर महिला कल्याण विभाग, जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, एसजेपीयू यूनिट, एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन, देहात इंडिया और विज्ञान फाउंडेशन के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *