झकरई भट्ठे के पास हुआ हादसा, अलीगंज से अलीपुर लौट रहे थे दो युवक, दूसरी बाइक पर सवार होकर दाऊदगंज से अलीगंज आ रहे थे युवक

अलीगंज। क्षेत्र में झकरई भट्ठे के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार चार युवक घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। हालत को देखते हुए तीन युवकों को बेहतर उपचार के लिए रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, अलीपुर गांव निवासी इरसान पुत्र पप्पू (20 वर्ष) और अजीम पुत्र नाहिम (17 वर्ष) अपनी बाइक से अलीगंज से वापस अपने गांव अलीपुर जा रहे थे। इसी दौरान दूसरी बाइक पर सवार दाऊदगंज निवासी विशाल पुत्र रमेश (19 वर्ष) और अमित पुत्र सुरेंद्र (18 वर्ष) अलीगंज की ओर आ रहे थे। दोनों बाइकों के झकरई भट्ठे के पास पहुंचने पर आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद दोनों बाइकों पर सवार चारों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
हादसे के बाद घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने सभी का प्राथमिक उपचार किया। प्राथमिक उपचार के बाद अलीपुर निवासी अजीम को रेफर कर दिया गया। वहीं दूसरी बाइक पर सवार दाऊदगंज निवासी विशाल और अमित की हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें भी बेहतर उपचार के लिए रेफर किया। जबकि इरसान का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार किया गया।

मामले पर कोतवाली अलीगंज के प्रभारी थानाध्यक्ष मनीष कुमार बालियान ने जानकारी देते हुए बताया कि मामला संज्ञान में है। घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। थाना स्तर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।
