बहराइच पुलिस लाइन में ब्लैक आउट और एयर रेड की मॉक ड्रिल, परखी गई आपातकालीन तैयारियां

डीएम और एसपी की मौजूदगी में हुआ अभ्यास, सायरन, ब्लैक आउट और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की प्रक्रिया का किया गया प्रदर्शन

बहराइच। संभावित हवाई हमले जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने और जनसुरक्षा की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से रविवार शाम पुलिस लाइन बहराइच में ब्लैक आउट एवं एयर रेड (हवाई हमले से बचाव) की मॉक ड्रिल आयोजित की गई। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव की उपस्थिति में शाम छह बजे आयोजित इस अभ्यास में पुलिस एवं प्रशासनिक विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।

मॉक ड्रिल के दौरान हवाई हमले जैसी आपात स्थिति उत्पन्न होने पर अपनाई जाने वाली सुरक्षा प्रक्रियाओं का अभ्यास कराया गया। इसमें ब्लैक आउट की व्यवस्था, सायरन के माध्यम से चेतावनी देने, सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने से संबंधित गतिविधियों का प्रदर्शन किया गया।

अभ्यास के दौरान विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की तैयारियों को भी परखा गया। इसका उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संकट की स्थिति में सतर्कता, तत्परता और बेहतर तालमेल के साथ काम करने के लिए तैयार करना रहा, ताकि संभावित आपदा के समय जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी, अपर जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी नगर नारायण दत्त मिश्रा, क्षेत्राधिकारी यातायात राज सिंह, क्षेत्राधिकारी कैसरगंज धीरेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी महसी पवन कुमार तथा अधिशासी अधिकारी सहित पुलिस और अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *