घंटाघर चौराहे से नगर पालिका कार्यालय तक पुलिस बल के साथ किया भ्रमण, व्यापारियों से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

बहराइच। धनतेरस और दीपावली के त्योहार को देखते हुए बहराइच पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने गुरुवार को कोतवाली नगर क्षेत्र में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
एसपी ने घंटाघर चौराहे से नगर पालिका परिषद कार्यालय तक पैदल भ्रमण किया। इस दौरान प्रमुख बाजारों और सर्राफा गली का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों को परखा। उन्होंने सर्राफा व्यापारियों से बातचीत कर उनकी कुशलक्षेम जानी और सुरक्षा संबंधी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली।

पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को भीड़भाड़ वाले स्थानों और सर्राफा प्रतिष्ठानों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तत्पर रहने को कहा।
पुलिस का उद्देश्य त्योहार के दौरान बाजारों में सुरक्षा का माहौल बनाए रखना और असामाजिक तत्वों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना है, ताकि व्यापारी और आमजन निर्भीक होकर त्योहार मना सकें।

इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर नारायण दत्त मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर, यातायात प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
