बहराइच: डीएम और एसपी ने जिला कारागार का किया औचक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था पर दिए निर्देश

बहराइच, 29 अक्टूबर। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने गुरुवार को जिला कारागार का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पुरुष बैरक, महिला बैरक, बंदी पाकशाला, क्रीड़ास्थल और अस्पताल वार्ड का भ्रमण किया। इस दौरान बंदियों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं और साफ-सफाई की व्यवस्था का भी आकलन किया गया।

जेल अधीक्षक को कारागार का नियमित निरीक्षण करने और शातिर व संवेदनशील बंदियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही बंदियों की गतिविधियों की अद्यतन जानकारी समय-समय पर उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराने को कहा गया।

अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने, सभी सीसीटीवी कैमरों को लगातार क्रियाशील रखने तथा जेल मैनुअल के प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी सहित पुलिस और प्रशासन के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *