श्रावस्ती जिला कारागार का औचक निरीक्षण, बंदियों से जानीं समस्याएं

-डीएम, एसपी और जनपद न्यायाधीश ने भोजन की गुणवत्ता व साफ-सफाई पर दिया जोर-

नवयुग समाचार संवाददाता

श्रावस्ती। जनपद न्यायाधीश रमेश चंद, जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग और पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने बुधवार को जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने जेल में बंदियों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया और उनसे बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना।

अधिकारियों ने जेल प्रशासन को बंदियों को शासन की ओर से निर्धारित सभी सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने रसोईघर, खाद्यान्न स्टोर, महिला बैरक, पुरुष बैरक, किशोर बैरक और जेल अस्पताल का निरीक्षण किया।

उन्होंने बंदियों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली और उनके निस्तारण के लिए जेल अधीक्षक को आवश्यक निर्देश दिए। अधिकारियों ने कारागार परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर दिया। साथ ही बंदियों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने और उन्हें दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जेल में सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक, डिप्टी जेलर सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *