लक्ष्य फाउंडेशन के प्रतिभा सम्मान समारोह में सेना, पुलिस, एयरफोर्स, स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले हुए सम्मानित; 36 पीसीएस अधिकारी बच्चों को दे रहे निशुल्क करियर गाइडेंस, अब तक 2200 विद्यार्थियों का सैनिक स्कूल, विद्याज्ञान और नवोदय में हो चुका चयन

जनपद एटा के अलीगंज क्षेत्र के ग्राम अमरोली स्थित रामस्वरूप रामदेवी शिक्षण संस्थान में लक्ष्य फाउंडेशन एवं राहत कोष फाउंडेशन की ओर से प्रतिभा सम्मान समारोह एवं करियर गाइडेंस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य, तकनीकी और अन्य क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा एवं उत्कृष्ट कार्यों से पहचान बनाने वाले करीब 350 लोगों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड सरकार में अपर निदेशक एवं आईआरएस अधिकारी अमरपाल सिंह लोधी ने प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं के साथ सेना के जवानों, पुलिसकर्मियों, एयरफोर्स कर्मियों, रेलवे कर्मचारियों, इंजीनियरों, अधिवक्ताओं और स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी आशा कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में 40 सेना के जवान, 25 पुलिसकर्मी, पांच रेलवे कर्मचारी, 10 एयरफोर्स कर्मी, 10 इंजीनियर, 10 अधिवक्ता और पांच आशा कार्यकर्ता शामिल रहे। इसके अलावा विभिन्न परीक्षाओं में अच्छे अंक हासिल करने वाले छात्र-छात्राओं को भी मंच पर सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई।

ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना फाउंडेशन का उद्देश्य
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अमरपाल सिंह लोधी ने कहा कि लक्ष्य फाउंडेशन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना है। गांवों में भी ऐसे तमाम प्रतिभाशाली बच्चे हैं, जिनमें आगे बढ़ने की क्षमता है, लेकिन आर्थिक परिस्थितियों और सही मार्गदर्शन के अभाव में उन्हें अपनी मंजिल तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। फाउंडेशन ऐसे बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग देने के साथ उनका मार्गदर्शन कर रहा है।

उन्होंने बताया कि संस्था के माध्यम से मेधावी छात्र-छात्राओं को निशुल्क करियर गाइडेंस उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ ही गरीब और वंचित परिवारों के बच्चों को निशुल्क स्टडी मैटेरियल भी उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे आर्थिक परेशानी उनकी शिक्षा में बाधा न बने। विभिन्न परीक्षाओं में बेहतर अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका मनोबल बढ़ाना भी इसी पहल का हिस्सा है।

2200 विद्यार्थियों का सैनिक स्कूल, विद्याज्ञान और नवोदय में चयन
इंजीनियर रूबी सिंह ने फाउंडेशन की शैक्षिक गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि संस्था के प्रयासों से अब तक करीब 2200 विद्यार्थी सैनिक स्कूल, विद्याज्ञान और नवोदय विद्यालय जैसी प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थाओं में चयनित हो चुके हैं। प्रतिवर्ष लगभग 300 बच्चों का चयन हो रहा है। संस्था का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उचित मार्गदर्शन और बेहतर शैक्षिक माहौल उपलब्ध कराया जाए।
36 पीसीएस अधिकारी दे रहे निशुल्क करियर गाइडेंस
विशेष अतिथि बाबू सिंह बाबूजी ने बताया कि फाउंडेशन की टीम में 36 पीसीएस अधिकारी जुड़े हुए हैं, जो बच्चों को निशुल्क करियर गाइडेंस, मोटिवेशन और काउंसिलिंग उपलब्ध करा रहे हैं। अधिकारियों के अनुभव और मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, करियर के विकल्पों और भविष्य की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी मिल रही है। संस्था का उद्देश्य केवल बच्चों को सम्मानित करना ही नहीं, बल्कि उन्हें शिक्षा और करियर के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए लगातार सहयोग देना है।
विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वालों को मिला सम्मान
समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धि हासिल करने वाले विद्यार्थियों के साथ देश की सेवा में जुटे सेना और एयरफोर्स के जवानों, कानून-व्यवस्था संभालने वाले पुलिसकर्मियों तथा स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान देने वाली आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। इसके अलावा रेलवे कर्मचारियों, इंजीनियरों और अधिवक्ताओं को भी उनके कार्यों के लिए सम्मान दिया गया। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण अंचल में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सार्वजनिक मंच पर पहचान दिलाने और युवाओं को उनसे प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में संस्थापक कदम सिंह फौजी, दिलीप प्रधान, करन सिंह, जितेंद्र सिंह एडवोकेट, संजीव, केशराम, जंट सिंह, शैलेश प्रधान, कुलफ सिंह और सत्यवान सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
दिलीप सिह मंडल ब्यूरो एटा
