एसीएमओ ने सीएचसी अलीगंज का किया निरीक्षण, टीकाकरण व्यवस्थाओं का लिया जायजा

कोल्ड चेन और लेबर रूम की व्यवस्थाएं देखीं, मोर्चा रोड उपकेंद्र पर नियमित टीकाकरण भी परखा

अलीगंज। जनपद में चलाए जा रहे नियमित टीकाकरण अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए एसीएमओ डॉ. राम सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कोल्ड चेन, लेबर रूम सहित टीकाकरण से संबंधित व्यवस्थाओं को देखा और स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसीएमओ डॉ. राम सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि नियमित टीकाकरण अभियान के तहत सीएचसी अलीगंज का निरीक्षण किया गया। उन्होंने सबसे पहले कोल्ड चेन का निरीक्षण किया, जहां वैक्सीन के सुरक्षित रखरखाव से संबंधित व्यवस्थाएं सही पाई गईं।

इसके बाद उन्होंने लेबर रूम का निरीक्षण किया। यहां मौजूद स्टाफ और मरीजों से बातचीत कर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान लेबर रूम की व्यवस्थाएं भी ठीक मिलीं। एसीएमओ ने निर्देश दिए कि बच्चों के जन्म के बाद उन्हें समय से निर्धारित सभी वैक्सीन लगाई जाएं। साथ ही टीकाकरण से संबंधित जानकारी ऑनलाइन पोर्टल और रजिस्टर दोनों पर दर्ज की जाए।अस्पताल से डिस्चार्ज से पहले आवश्यक एंट्री पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए।

मोर्चा रोड उपकेंद्र पर देखा नियमित टीकाकरण

इसके बाद एसीएमओ डॉ. राम सिंह ने मोर्चा रोड स्थित उपकेंद्र पर पहुंचकर चल रहे नियमित टीकाकरण सत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर टीकाकरण की प्रक्रिया और उपलब्ध व्यवस्थाओं को देखा। यहां रंजन पाल द्वारा बच्चों का टीकाकरण किया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान टीकाकरण से संबंधित सभी आवश्यक लॉजिस्टिक उपलब्ध मिले और व्यवस्थाएं सही पाई गईं।

एसीएमओ ने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए और पात्र बच्चों का समय से टीकाकरण सुनिश्चित करने के साथ ही सभी विवरणों की ऑनलाइन एवं रजिस्टर में सही तरीके से एंट्री की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *