कजरी तीज को लेकर पुलिस ने कसी कमर, एसपी ने सरयू घाट से बाबा बागेश्वर नाथ शिवालय तक सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

घाट पर बैरिकेडिंग, पुलिस बल, यातायात, पार्किंग और डायवर्जन व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश

बहराइच। आगामी कजरी तीज पर्व को लेकर बहराइच पुलिस ने श्रद्धालुओं और कांवरियों की सुरक्षा के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने सरयू घाट (भग्गड़वा बाजार) का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने सरयू घाट से बाबा बागेश्वर नाथ शिवालय, पयागपुर तक मार्ग का भ्रमण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी सहित संबंधित थाना प्रभारी मौजूद रहे।

पुलिस अधीक्षक ने सरयू घाट और आसपास के क्षेत्रों के साथ ही शिवालय तक जाने वाले मार्ग पर श्रद्धालुओं और कांवरियों की संभावित भीड़ को देखते हुए की जा रही व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने घाट पर बैरिकेडिंग, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था, डायवर्जन प्लान और पार्किंग व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सीसीटीवी और ड्रोन से होगी निगरानी

भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर ड्रोन कैमरे से भी निगरानी की जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष जोर

एसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं और कांवरियों की सुरक्षा के साथ-साथ सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क रहने को कहा गया।

पुलिस की ओर से कजरी तीज पर्व के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *