सदियों पुराने इच्छाधारी मंदिर में दूर-दराज से आते हैं श्रद्धालु, सुख-समृद्धि की करते हैं कामना

अलीगंज। देवोत्थान एकादशी के अवसर पर विकासखंड अलीगंज के गांव किनौड़ी खैराबाद स्थित प्राचीन मां जाहरमाई मंदिर में श्रद्धालुओं की आस्था देखने को मिली। इच्छाधारी मंदिर के नाम से प्रसिद्ध इस धार्मिक स्थल पर सुबह से ही भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने मां जाहरमाई और मां शेरावाली के दर्शन कर हवन-पूजन किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और अच्छी फसल की कामना की। मंदिर परिसर में दिनभर धार्मिक गतिविधियां चलती रहीं।

मान्यता है कि यह मंदिर सदियों पुराना है और यहां सच्चे मन से मांगी गई मनोकामना मां जाहरमाई अवश्य पूरी करती हैं। इसी विश्वास के चलते अलीगंज क्षेत्र के अलावा शाहजहांपुर, फर्रुखाबाद, मैनपुरी, एटा और फिरोजाबाद सहित कई जनपदों से श्रद्धालु यहां दर्शन करने पहुंचते हैं। भक्त माता के दरबार में अपनी मनोकामनाएं लेकर आते हैं और उनके पूर्ण होने पर दोबारा मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करते हैं। मंदिर की एक विशेष परंपरा भी श्रद्धालुओं के बीच काफी प्रचलित है। होली के अवसर पर भक्त अपने घरों में देसी घी से अथोरी तैयार कर माता के दरबार में चढ़ाते हैं।
इसके साथ ही अन्नपूर्णा स्वरूप में गेहूं की बालियों की माला बनाकर अपने गले में धारण करते हैं। इसके बाद मंदिर में हवन-पूजन कर गेहूं की बालियों को अपने खेतों में डालते हैं। श्रद्धालुओं की मान्यता है कि ऐसा करने से खेतों में अच्छी पैदावार होती है और पूरे वर्ष माता रानी की कृपा बनी रहती है। देवोत्थान एकादशी पर भी श्रद्धालुओं ने मंदिर में पहुंचकर धार्मिक अनुष्ठान किए और दान-पुण्य कर पुण्य लाभ अर्जित किया। कई भक्तों ने जरूरतमंदों और भूखे असहाय लोगों को भोजन कराकर सेवा भाव का परिचय दिया।

मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति का वातावरण बना रहा। मंदिर के महंत सतीश यादव ने बताया कि मां जाहरमाई के इस प्राचीन दरबार में दूर-दूर से लोग श्रद्धा और विश्वास के साथ मनोकामना लेकर आते हैं। भक्तों का विश्वास है कि मां शेरावाली अपने दरबार में आने वाले किसी भी श्रद्धालु को निराश नहीं करतीं। यहां आने वाले भक्त हवन-पूजन कर माता से परिवार की खुशहाली, सुख-शांति और समृद्धि का आशीर्वाद मांगते हैं।
