पूर्व विधायक रामेश्वर यादव के छोटे भाई के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे सपा के वरिष्ठ नेता प्रो. रामगोपाल सिंह

नेताओं व शुभचिंतकों सहित एटा, कासगंज, मैनपुरी से पहुंचे सैकड़ों लोगों ने दी श्रद्धांजलि

अलीगंज। अलीगंज क्षेत्र के पूर्व विधायक रामेश्वर सिंह यादव और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जोगेंद्र सिंह यादव के छोटे भाई रविंद्र सिंह यादव उर्फ मुखिया के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। मंगलवार को लंबी बीमारी के चलते दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही राजनीतिक, सामाजिक और पारिवारिक क्षेत्र में शोक व्याप्त हो गया। शुक्रवार को अमृतपुर रघुपुर स्थित उनके आवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा रहा।

इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता रामगोपाल सिंह प्रोफेसर, राष्ट्रीय प्रवक्ता समाजवादी पार्टी एवं महासचिव उत्तर प्रदेश, उनके आवास पर पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने रविंद्र सिंह यादव के निधन को परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा कि इस कठिन समय में परिवार को धैर्य और संबल बनाए रखने की आवश्यकता है।

उन्होंने परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। इस दौरान पूर्व एमएलसी करहल संतोष यादव महात्मा, पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत और अभिनेता राकेश लोधी सहित कई राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग भी शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे। सभी ने परिवार के सदस्यों से मिलकर दुख की इस घड़ी में साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया और दिवंगत रविंद्र सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की। परिवार की ओर से प्रमोद यादव, सुबोध यादव, विनोद यादव, विक्रांत यादव और अभिनेश नेता सहित अन्य परिजन मौजूद रहे।

आवास पर दिनभर लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। एटा, कासगंज और मैनपुरी जनपदों से बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने दिवंगत के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। रविंद्र सिंह यादव उर्फ मुखिया के निधन से क्षेत्र के लोगों में गहरा दुख है। उनके परिवार और शुभचिंतकों के बीच शोक का माहौल बना हुआ है। शोक व्यक्त करने पहुंचे लोगों ने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा क्षेत्र शोकाकुल परिवार के साथ खड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *