देर रात चार नामजद के खिलाफ एफआईआर दर्ज, मारपीट का वीडियो आया सामने; पुलिस ने घायलों का कराया मेडिकल

नयागांव। एटा के नयागांव थाना क्षेत्र के नगला हरजू गांव में भैंसों के आपस में भिड़ने को लेकर हुए विवाद में चार लोगों की बेरहमी से पिटाई के मामले में पुलिस ने देर रात एफआईआर दर्ज कर ली है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर उमाशंकर पुत्र मेहरबान सिंह समेत चार नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना से जुड़ा मारपीट का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति लाठी से युवक को पीटता दिखाई दे रहा है।
भैंस ने दूसरी भैंस को मारा, इसके बाद बढ़ा विवाद
घटना रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार गांव निवासी कुसुमा पुत्री श्यामवीर सिंह अपनी भैंस खोलकर घर ला रही थीं। इसी दौरान रास्ते में परिवार के ही उमाशंकर पुत्र मेहरबान सिंह की भैंस खड़ी थी। आरोप है कि कुसुमा की भैंस ने उमाशंकर की भैंस को सिर मार दिया।

इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि उमाशंकर, उनकी पत्नी सुनीता, बेटे पवन और बहू पूनम ने लाठी-डंडे लेकर दूसरे पक्ष के लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
मां, बेटी, बेटे और बहू को बनाया निशाना
आरोप है कि मारपीट में शकुंतला देवी, उनकी बेटी कुसुमा, बेटे राधाकृष्ण और पुत्रवधू रूबी देवी घायल हो गईं। पीड़ित पक्ष के अनुसार आरोपियों ने गाली-गलौज करने के साथ जान से मारने की धमकी भी दी और मौके से चले गए।
मारपीट का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में एक व्यक्ति लाठी से युवक के साथ मारपीट करता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद घटना को लेकर पुलिस ने जांच तेज कर दी है।

घायल राधाकृष्ण बोला- मां, बहन और पत्नी को भी पीटा
घायल राधाकृष्ण ने बताया कि उसकी बहन कुसुमा भैंस खोलकर घर ला रही थी। इसी दौरान उसकी भैंस ने चाची की भैंस को सिर मार दिया। इसी बात से नाराज होकर चाचा और उनके परिवार के लोगों ने लाठी-डंडों से उसकी मां, बहन, पत्नी और उसके साथ मारपीट की।
पुलिस ने कराया मेडिकल, जांच शुरू
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने नयागांव थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी थी। पुलिस ने चारों घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया। इसके बाद देर रात पीड़ित शकुंतला पत्नी श्यामवीर सिंह निवासी नगला हरजू की तहरीर पर उमाशंकर पुत्र मेहरबान सिंह समेत चार नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली।
पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। वीडियो समेत उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
