12 घंटे के रिमांड पर लाए गए आरोपी दीपक गिरी ने उगला राज, निशानदेही पर मिली लूट की ज्वैलरी

अलीगंज सर्राफा व्यापारी से हुई लाखों की लूट की घटना में अलीगंज पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस कस्टडी रिमांड पर लाए गए मुठभेड़ में घायल गिरफ्तार आरोपी दीपक गिरी की निशानदेही पर काली नदी के किनारे से करीब 600 ग्राम चांदी के नए और पुराने आभूषण बरामद किए गए हैं। आरोपी ने लूट में अपने हिस्से में आए आभूषणों को नदी किनारे छिपाकर रखा था।
पुलिस अब शेष लूटे गए माल की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।गौरतलब है कि बीती 22 अक्टूबर को कस्बे के मोहल्ला मेवातियान निवासी सर्राफा व्यापारी संजय यादव अपनी दुकान बंद कर भतीजे विकास के साथ मोटरसाइकिल से गांव पुराहार जा रहे थे। उनके पास सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग और एक लाख रुपये की नकदी थी। रास्ते में अपाचे मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने पीछे से उनकी बाइक में टक्कर मारकर गिरा दिया।
इसके बाद तमंचा दिखाकर आभूषणों और नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए थे। मामले में अलीगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे में जुटी पुलिस नेसीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की थी। इसी मामले में 14 नवंबर की रात पुलिस मुठभेड़ के दौरान मऊ जनपद के रानीपुर थाना क्षेत्र के गांव भटोली निवासी दीपक गिरी गोली लगने से घायल हो गया था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पूछताछ में दीपक ने अपने हिस्से के कुछ आभूषण काली नदी के किनारे छिपाने की बात बताई थी।
शुक्रवार को न्यायालय से सुबह पांच बजे से शाम पांच बजे तक 12 घंटे का पुलिस कस्टडी रिमांड मिलने के बाद पुलिस उसे बरामदगी के लिए लेकर पहुंची। जैथरा थाना क्षेत्र में काली नदी के किनारे सुबह करीब 10:54 बजे उसकी निशानदेही पर 600 ग्राम चांदी के नए और पुराने आभूषण बरामद कर लिए गए। ऐसा कार्यवाही मे प्रभारी निरीक्षक लोकेश सिंह भाटी, उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, मुख्य आरक्षी प्रदीप कुमार, आरक्षी रोहताश, शिवा चौहान और मिलन शर्मा की टीम ने मौजूद रही।
