कैंटर की टक्कर से बाइक सवार छात्र गंभीर घायल, सड़क पर लगा भीषण जाम

अलीगंज। कैल्ठा पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार को तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक सवार छात्रों को टक्कर मार दी। हादसे में एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद कैंटर चालक वाहन की चाबी निकालकर मौके से फरार हो गया। दुर्घटना के चलते सड़क पर भीषण जाम लग गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना जैथरा क्षेत्र के ग्राम हरजू निवासी 20 वर्षीय निखिल पुत्र राम लड़ैते और अनुराग पुत्र अशोक दोनों छात्र हैं। शुक्रवार को दोनों मोहम्मदाबाद स्थित अपने स्कूल से परीक्षा का एडमिट कार्ड लेकर बाइक से घर लौट रहे थे।

जैसे ही उनकी बाइक अलीगंज क्षेत्र के कैल्ठा पेट्रोल पंप के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे कैंटर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार निखिल गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके साथी को भी हादसे में चोटें आईं। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया

हादसे के बाद कैंटर चालक वाहन की चाबी निकालकर मौके से फरार हो गया। सड़क पर दुर्घटना के चलते वाहनों की लंबी कतार लग गई और भीषण जाम की स्थिति बन गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से घायल छात्र को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीगंज में भर्ती कराया। पुलिस ने क्रेन की सहायता से कैंटर को थाने में खड़ा करवाया वहीं पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद सड़क पर लगे जाम को खुलवाकर यातायात सुचारु कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *