अलीगंज। क्षेत्र के ग्यूरिया मोड़ पर शुक्रवार को एक तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने स्कूटी सवार किशोरी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना के बाद बस चालक और कंडक्टर मौके से फरार हो गए। वहीं स्थानीय लोगों ने बस को अपने कब्जे में लेकर घटना की सूचना घायल के परिजनों को दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अलीगंज क्षेत्र के ग्राम अंगदपुर निवासी ज्योति पुत्री बदन सिंह की बड़ी बहन दीपिका की शादी है। शादी के निमंत्रण कार्ड अपनी सहेलियों को बांटने के लिए ज्योति स्कूटी से ग्यूरिया गांव गई थी। कार्ड बांटकर वह वापस अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान ग्यूरिया मोड़ पर एक प्राइवेट बस ने उसकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ज्योति सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई।

हादसे के बाद बस चालक और कंडक्टर घायल किशोरी को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। घटनास्थल पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने बस को अपने कब्जे में ले लिया और परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में घायल ज्योति को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज में भर्ती कराया।
जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद किशोरी की गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। हादसे के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
