सुबह पांच बजे से शुरू हुई परिक्रमा, यज्ञशाला में हो रहा हवन

अलीगंज। नगर में चल रहे सात्विक विष्णु महायज्ञ के दूसरे दिन सोमवार को धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम सुबह से ही शुरू हो गया। सुबह करीब पांच बजे से श्रद्धालुओं ने यज्ञशाला की परिक्रमा शुरू की। बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु भक्ति भाव के साथ यज्ञशाला की परिक्रमा करते नजर आए।

परिक्रमा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान विष्णु के जयकारे लगाए। इसके बाद यज्ञशाला में विधि-विधान से हवन-पूजन शुरू हुआ। विद्वान आचार्यों के मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुतियां डालीं। हवन के दौरान पूरा वातावरण वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक जयकारों से गूंजता रहा।

महायज्ञ के मुख्य संयोजक प्रदीप कुमार गुप्ता की देखरेख में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धालुओं की लगातार भीड़ पहुंच रही है। रविवार को 101 महिलाओं की भव्य कलश यात्रा के साथ सात्विक विष्णु महायज्ञ का शुभारंभ हुआ था। कलश यात्रा में राधा-कृष्ण सहित आधा दर्जन से अधिक आकर्षक धार्मिक झांकियां शामिल हुई थीं और नगर में जगह-जगह श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया था।

आयोजन के तहत सोमवार शाम 5:30 बजे से 6:30 बजे तक सामूहिक सुंदरकांड पाठ होगा। इसके बाद शाम 6:30 बजे से रात 10:30 बजे तक वृंदावन धाम से आए कलाकारों द्वारा श्रीकृष्ण लीला का भव्य मंचन किया जाएगा। महायज्ञ को लेकर नगर में श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *