हत्सारी में डेंगू-मलेरिया से महिला की मौत, कमिश्नर और डीएम ने किया गांव का निरीक्षण

मरीजों और परिजनों से की बातचीत, साफ-सफाई व फॉगिंग तेज करने के निर्देश; लगातार मौतों की सूचना से प्रशासन सक्रिय

अलीगंज। क्षेत्र के ग्राम हत्सारी में डेंगू और मलेरिया के बढ़ते प्रकोप तथा लगातार मौतों की सूचनाओं के बीच सोमवार को अलीगढ़ …मंडल के कमिश्नर ओपी आर्या और जिलाधिकारी एम. अरुनमोली गांव पहुंचे। अधिकारियों ने कई घरों में जाकर मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत की। उन्होंने बीमारी, जांच, उपचार और स्वास्थ्य विभाग की ओर से किए जा रहे इंतजामों की जानकारी ली।

मरीजों और परिजनों से जाना हाल

ग्राम हत्सारी में पिछले कई दिनों से बुखार, डेंगू और मलेरिया के मामले सामने आ रहे हैं। इससे पहले तीन लोगों की मौत की सूचना सामने आई थी। गत दिवस उषा देवी की मृत्यु की सूचना के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ। कमिश्नर और जिलाधिकारी ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।

वास्थ्य विभाग की टीम गांव में सक्रिय

गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार मरीजों की जांच और उपचार में जुटी है। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि कई मरीज ऐसे भी हैं, जिनका बाहर के अस्पतालों में इलाज चल रहा है। अधिकारियों ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि किसी भी मरीज को उपचार और जकी सुविधा से वंचित न रखा जाए।

साफ-सफाई और फॉगिंग पर जोर

आजनिरीक्षण के दौरान कमिश्नर ओपी आर्या ने खंड विकास अधिकारी शिव शंकर शर्मा और सीएमओ राजेंद्र प्रसाद से गांव की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने गलियों और घरों के आसपास पानी जमा न होने देने, नालियों की नियमित सफाई कराने और फॉगिंग अभियान प्रभावी ढंग से चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जमा पानी में मच्छर पनपते हैं, जिससे डेंगू और मलेरिया फैलने का खतरा बढ़ जाता है।

ग्रामीणों से सावधानी बरतने की अपील

अधिकारियों ने ग्रामीणों से मच्छरदानी का प्रयोग करने, पूरी बांह के कपड़े पहनने और बुखार होने पर तत्काल जांच कराकर उपचार लेने की अपील की। खंड विकास अधिकारी ने बताया कि गांव में पांच बार फॉगिंग कराई जा चुकी है और एक दिन के अंतराल पर अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने साफ-सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं पर निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *