घर में घुसा युवक, हाथ में था फावड़ा; अंदर से चीख-पुकार के बाद मारपीट, CCTV वीडियो आया सामने

हरसिंहपुर में दंपती से मारपीट का आरोप, महिला के हाथ में चोट लगने की शिकायत; पुलिस बोली- मामले में जांच-पड़ताल जारी

अलीगंज (एटा)। थाना अलीगंज क्षेत्र के गांव हरसिंहपुर में घर में घुसकर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना से जुड़ा एक CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक युवक हाथ में फावड़ा लेकर घर के अंदर जाता दिखाई दे रहा है। इसके बाद घर के अंदर से चीखने-पुकारने की आवाजें सुनाई देती हैं। कुछ देर बाद घर के अंदर से लोग बाहर आते हैं और युवक के साथ मारपीट करते दिखाई देते हैं। इस दौरान कुछ लोग युवक से फावड़ा छीनने का प्रयास करते भी नजर आ रहे हैं।

गांव निवासी श्रीकृष्ण पुत्र मातादीन ने 25 अक्टूबर 2026 को कोतवाली अलीगंज में तहरीर देकर आरोप लगाया कि शाम करीब 3:30 बजे सरमन पुत्र मातादीन और हरीवीर पुत्र अमर सिंह उसके घर में घुस आए। आरोप है कि दोनों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की। विरोध करने पर उसकी पत्नी अनीता के साथ भी मारपीट की गई। पीड़ित ने धारदार हथियार से हमला कर पत्नी के हाथ को घायल करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

श्रीकृष्ण ने तहरीर में यह भी आरोप लगाया कि संबंधित लोग पहले भी कई बार उसके साथ मारपीट कर चुके हैं। उसने पुलिस से मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

दरोगा बोले- जांच-पड़ताल जारी

मामले पर कोतवाली अलीगंज के दरोगा जयवीर सिंह ने बताया कि मामले में जांच-पड़ताल जारी है। CCTV वीडियो और शिकायत में लगाए गए आरोपों के संबंध में जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना के पूरे घटनाक्रम और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका को लेकर पुलिस की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *