रोड पर न बैरिकेडिंग और न चेतावनी बोर्ड, ठेकेदार ने जल्द सुरक्षा चिह्न लगाने का दिया भरोसाअलीगंजसड़क पर सफर आसान बनाने के लिए होने वाले निर्माण कार्य में यदि सुरक्षा के इंतजाम ही न हों तो यही सुविधा लोगों के लिए मुसीबत बन जाती है।

अलीगंज-अमरोली-नवाबगंज से फर्रुखाबाद जाने वाले मार्ग पर ग्राम अमरोली के पास कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिल रहा है। यहां सीसी सड़क के किनारे पुलिया निर्माण के लिए खोदा गया गहरा गड्ढा वाहन चालकों के लिए खतरा बना हुआ है। पर्याप्त संकेतक और सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से आए दिन वाहन चालक इसमें गिरकर चोटिल हो रहे हैं। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।ग्रामीणों के अनुसार अमरोली गांव में सीसी सड़क का निर्माण कराया गया था। इसके साथ नाले का निर्माण भी हुआ, लेकिन पुलिया का काम अधूरा रहने के कारण सड़क के पास गहरा गड्ढा छोड़ दिया गया।
यह स्थान मार्ग से गुजरने वाले लोगों के लिए दुर्घटना की आशंका बढ़ा रहा है। खासकर तेज गति से आने वाले दोपहिया वाहन चालकों को गड्ढे का अंदाजा नहीं लग पाता और वे संतुलन खोकर गिर जाते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जो वाहन चालक पहले से इस जगह की स्थिति जानते हैं, वे सावधानी बरतते हुए धीमी गति से निकलते हैं। लेकिन अनजान राहगीरों के लिए यह गड्ढा अचानक सामने आने वाले खतरे जैसा है।
अब तक नेत्रपाल पुत्र गोपाल निवासी अमरोली, जगदीश, शिवकुमार समेत कई लोग चोटिल हो चुके हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि समय रहते सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए तो कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है। लोगों का कहना है कि सड़क, नाला या पुलिया निर्माण के दौरान संबंधित स्थान पर चेतावनी बोर्ड, झंडी, बैरिकेडिंग अथवा अन्य संकेतक लगाए जाने चाहिए, ताकि वाहन चालकों को दूर से ही खतरे का पता चल सके। मगर अमरोली में गड्ढे के आसपास ऐसी व्यवस्था नहीं होने से दुर्घटनाओं का जोखिम बना हुआ है। ग्रामीण इसे निर्माण कार्य में बरती गई लापरवाही मान रहे हैं। उनका कहना है कि कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका।
ठेकेदार आशीष तेवतिया का कहना है कि पुलिया निर्माण के लिए सड़क के पास गड्ढा खोदा गया है। वाहन चालकों को परेशानी न हो, इसके लिए जल्द ही मौके पर सुरक्षा के इंतजाम किए जाएंगे। गड्ढे के पास चेतावनी चिह्न भी लगवाया जाएगा, जिससे राहगीलों को पहले से सावधानी बरतने का संकेत मिल सके। पुलिया का निर्माण कार्य भी शीघ्र शुरू कराकर पूरा कराया जाएगा।
एक्सईएन ललित कुमार अग्रवाल ने बताया कि सड़क के पास गड्ढा होने की जानकारी मिली है। वाहन चालकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संबंधित स्थान पर जल्द ही चेतावनी संकेतक लगवाए जाएंगे। पुलिया का निर्माण कार्य भी जल्द शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा। निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों का ध्यान रखा जाएगा। लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
