200 रुपये के परीक्षा शुल्क पर हुआ बवाल, विद्यालय में तमंचा लेकर पहुंचा युवक


शिक्षकों से कहासुनी के बाद तमंचा लहराकर धमकाने का आरोप, पुलिस आरोपी को थाने ले गई

अलीगंज सर्किल के संकट मोचन इंटर कॉलेज में मंगलवार सुबह 200 रुपये के परीक्षा शुल्क को लेकर शुरू हुआ विवाद उस समय गंभीर हो गया, जब एक युवक ने कथित तौर पर तमंचा निकाल लिया। युवक के तमंचा निकालते ही विद्यालय में मौजूद शिक्षकों में खलबली मच गई। शिक्षकों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को घेर लिया और उसके हाथ से तमंचा छीन लिया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई।थाना नयागांव क्षेत्रातर्गत विद्यालय के प्रधानाचार्य सुशील कुमार ने बताया कि कदरागंज निवासी सत्येंद्र कुमार सुबह विद्यालय पहुंचे थे। उनके दो बच्चे इसी विद्यालय में पढ़ते हैं। इनमें एक कक्षा नौ और दूसरा कक्षा 10 में है। परीक्षा शुल्क जमा करने को लेकर सत्येंद्र कुमार की विद्यालय के बाबू बदन सिंह से कहासुनी हो गई। विवाद की जानकारी होने पर शिक्षक आनंद भी मौके पर पहुंचे।

प्रधानाचार्य के अनुसार शिक्षक आनंद से भी युवक की कहासुनी होने लगी। आरोप है कि युवक ने शिक्षकों के साथ अभद्रता करते हुए उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। बातचीत के दौरान बच्चों के यूनिफॉर्म में नहीं आने और पुस्तकें नहीं होने की बात सामने आई तो विवाद और बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान सत्येंद्र कुमार ने तमंचा निकालकर लहराना शुरू कर दिया। अचानक तमंचा सामने आने से विद्यालय में मौजूद शिक्षकों में अफरातफरी मच गई।

शिक्षकों ने साहस दिखाते हुए युवक को घेर लिया और उसके हाथ से तमंचा छीन लिया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस के पहुंचने से पहले विद्यालय में मौजूद लोगों ने आरोपी को काबू में रखा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लिया और पूछताछ के लिए थाना नयागांव ले गई। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

घटना की वास्तविक स्थिति जानने के लिए विद्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस शिक्षकों और विद्यालय के अन्य लोगों से भी जानकारी जुटा रही है साथ ही बरामद हथियार के संबंध में भी जांच की जा रही है। विद्यालय में बच्चों की मौजूदगी के बीच तमंचा निकाले जाने की घटना से सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

सीओ राजेश सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर थाने लाई है। मामले में सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे है और मौके से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। प्राप्त तहरीर के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रकरण की जांच कराई जा रही है।

दिलीप सिह मडल ब्यूरो एटा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *