कर्नलगंज/गोण्डा। नगर पालिका परिषद कर्नलगंज में सफाई व्यवस्था की शिकायत करना एक युवक को उस समय भारी पड़ गया, जब कथित तौर पर नगर पालिका से जुड़े कुछ दबंगों ने उसे कार्यालय परिसर में घेरकर बंधक बना लिया और जातिसूचक गालियां देते हुए मारपीट की। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है तथा नगर पालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांधी नगर मोहल्ला निवासी रजनी कनौजिया पत्नी घनश्याम कनौजिया द्वारा कोतवाली कर्नलगंज में दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि उनके पति घनश्याम कनौजिया मंगलवार 19 मई 2026 को नगर पालिका परिषद कर्नलगंज में सफाई व्यवस्था की शिकायत करने पहुंचे थे।
आरोप है कि शिकायत से नाराज होकर वहां मौजूद आशीष सिंह, सुरभि पांडेय, अनुज जायसवाल, मोनू गुप्ता और पशुपति सिंह सहित अन्य लोगों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने नगर पालिका का मुख्य गेट बंद कर उन्हें बंधक बना लिया और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए मारपीट की।

घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पुलिस को दी गई। आरोप है कि मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय पीड़ित घनश्याम कनौजिया को ही हिरासत में लेकर कोतवाली भेज दिया, जबकि आरोपित खुलेआम घूमते रहे। सूत्रों के अनुसार पुलिस द्वारा घनश्याम कनौजिया के खिलाफ 151 की एकपक्षीय कार्रवाई किए जाने की तैयारी की जा रही है।
मामले को लेकर स्थानीय लोगों में भी रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि नगर पालिका परिषद कार्यालय में इससे पहले भी इस प्रकार की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। आरोप है कि नगर पालिका में भ्रष्टाचार, गंदगी अथवा अव्यवस्था की शिकायत करने वालों को प्रताड़ित किया जाता है और दबंगई का माहौल कायम है।
पीड़िता रजनी कनौजिया ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, थाना प्रभारी नरेंद्र प्रताप राय से दूरभाष पर संपर्क कर पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव करने के बाद काट दिया।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में कितनी तत्परता दिखाता है या फिर एक बार फिर शिकायतकर्ता ही कार्रवाई का शिकार बनता है।
