
संतकबीरनगर। थाना बखिरा क्षेत्र के ग्राम पंचायत बड़हरा में शुक्रवार को जनकल्याण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम, बहू-बेटी सम्मेलन तथा कम्युनिटी पुलिसिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें जिलाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने संयुक्त रूप से प्रतिभाग कर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा ग्रामीणों को विभिन्न सामाजिक विषयों पर जागरूक किया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन समेत विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से पहुंचाना शासन की प्राथमिकता है।
बहू-बेटी सम्मेलन के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, आत्मनिर्भरता, महिला अधिकार और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी देकर किसी भी विपरीत परिस्थिति में इन सेवाओं का उपयोग करने का आह्वान किया गया।पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने साइबर अपराधों से बचाव, यातायात नियमों के पालन, महिला सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने पर बल दिया। उन्होंने लोगों से अनजान कॉल, लिंक, ओटीपी या बैंक संबंधी जानकारी किसी से साझा न करने तथा साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी थाने से संपर्क करने की अपील की।कम्युनिटी पुलिसिंग कार्यक्रम के तहत अधिकारियों ने ग्रामीणों और वरिष्ठ नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, ग्राम प्रधान, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां, आशा बहुएं, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
