
संतकबीरनगर। जनपद पुलिस के “क्रैक साइबर क्राइम” अभियान के तहत साइबर सेल एवं कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने साइबर ठगी के शिकार एक युवक को राहत दिलाते हुए उसके खाते से ठगी गई 2250 रुपये की पूरी धनराशि वापस करा दी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित को उसकी रकम वापस मिल गई।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के बघौली स्थित बंजरिया रोड निवासी प्रिंस कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 22 अप्रैल 2025 को एक अज्ञात व्यक्ति ने लाभ का प्रलोभन देकर उससे 2250 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। ठगी का पता चलते ही पीड़ित ने तत्काल साइबर हेल्प डेस्क पर शिकायत दर्ज कराई।साइबर हेल्प डेस्क पर तैनात आरक्षी रविकान्त कुशवाहा ने तत्काल एनसीआरपी (NCRP) पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। साइबर सेल की प्रभावी पैरवी के बाद ठगी गई पूरी धनराशि पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी गई।इस कार्रवाई में प्रभारी साइबर सेल अपराध निरीक्षक वीरेन्द्र कुमार यादव, आरक्षी रविकान्त कुशवाहा, महिला आरक्षी रीता देवी तथा महिला आरक्षी शिवांगी सिंह की अहम भूमिका रही।पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या लालच भरे ऑफर के झांसे में न आएं। साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं या हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।
