कोर्ट के आदेश पर 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश, मारपीट और धमकी का आरोप

अलीगंज। थाना क्षेत्र के ग्राम कैला निवासी एक महिला ने गांव के ही 12 लोगों पर घर में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने के बाद उसने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना करने के निर्देश थाना पुलिस को दिए हैं।

प्रार्थिया कमला देवी पत्नी अंगद सिंह ने न्यायालय में दिए प्रार्थनापत्र में बताया कि 8 अगस्त 2026 की सुबह करीब छह बजे वह घर के अंदर थी। आरोप है कि पूर्व रंजिश के चलते रामशंकर, अशोक, रूपी, राधेश्याम, सोनी, मोहिनी, योगेश, पंकज, पूरन, संतोष, रामलड़ैते और जयवीर समेत अन्य लोग लाठी-डंडे व तमंचा लेकर एक राय होकर घर में घुस आए। आरोपियों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी।

पीड़िता के अनुसार, विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। चीख-पुकार सुनकर उसका पुत्र वालेंट मौके पर पहुंचा और बचाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। शोरगुल सुनकर पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना में महिला और उसके पुत्र को चोटें आने का दावा किया गया है।

पीड़िता ने बताया कि घटना के संबंध में डायल 112 पर सूचना देने और थाने में शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 13 अगस्त को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पंजीकृत डाक से प्रार्थनापत्र भेजा गया। न्यायालय ने 17 अगस्त को थाना अध्यक्ष अलीगंज को रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना करने के निर्देश दिए।

दिलीप सिंह मडल ब्यूरो एटा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *