सकीट। कस्बे के मुख्य बाजार स्थित जैन मिष्ठान भंडार पर बृहस्पतिवार को खाद्य विभाग की टीम ने छापेमारी की। एक ग्राहक की ओर से बूंदी के लड्डू खराब होने की ऑनलाइन शिकायत के बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। टीम ने मौके से संदिग्ध लड्डुओं के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।

जानकारी के अनुसार फर्रुखाबाद जिले के थाना मेरापुर क्षेत्र के नगला मटीला निवासी अनूप यादव अपनी बहन के घर सकीट थाना क्षेत्र के नगला गंगी में भांजे के नामकरण संस्कार में शामिल होने आए थे। मांगलिक कार्यक्रम के लिए उन्होंने मुख्य बाजार स्थित जैन मिष्ठान भंडार से बूंदी के लड्डू खरीदे थे।
अनूप यादव का आरोप है कि लड्डू खाने के बाद उनमें तेज दुर्गंध महसूस हुई। परिवार के दो सदस्यों की तबीयत बिगड़ गई और पेट में तेज दर्द होने लगा। इसके बाद उन्होंने मिठाई की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए खाद्य विभाग के उच्चाधिकारियों से ऑनलाइन शिकायत की।
शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारी पूनम के नेतृत्व में टीम ने बृहस्पतिवार को जैन मिष्ठान भंडार पर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। टीम ने मौके से संदिग्ध लड्डुओं के सैंपल लिए और उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी पूनम ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर शिकायत की जांच की गई है। मिठाई के नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दिलीप सिंह मडल ब्यूरो एटा। सुनील कुमार शाक्य एटा
