अलीगंज एटा अमरोली रतनपुर गांव में वारदात, 20 हजार कैश, मंगलसूत्र और पैंडल चोरी; पुलिस जांच में जुटी

अलीगंज (एटा)। अलीगंज कोतवाली क्षेत्र के अमरोली रतनपुर गांव में चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर नकदी और जेवरात चोरी कर लिए। घटना उस समय हुई, जब गर्मी के कारण पूरा परिवार घर की छत पर सो रहा था। रात करीब 3 बजे परिवार नीचे उतरा तो घर का सामान बिखरा मिला और चोरी का पता चला।
पीड़ित धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि पूरा परिवार रात में छत पर सो रहा था। रात करीब 3 बजे जब वे नीचे आए तो घर के अंदर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा मिला। चोर घर से 20 हजार रुपये की नकदी, एक मंगलसूत्र और एक पैंडल चोरी कर ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही अलीगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए, ग्रामीणों से पूछताछ की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस चोरी की घटना के खुलासे के लिए जांच में जुटी है।
थानाध्यक्ष बोले- तहरीर मिलते ही दर्ज होगा मुकदमा
कोतवाली अलीगंज के प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार बलियान ने बताया कि चोरी की सूचना मिलते ही हल्का प्रभारी को पुलिस बल के साथ मौके पर भेजा गया था। मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की गई है। फिलहाल पीड़ित की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलते ही संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश
