फर्जी पुलिसकर्मी बनकर दुकानदारों को जेल भेजने की धमकी देकर करते थे धन उगाही, 7.795 किलो गांजा, तमंचा-कारतूस व फर्जी नंबर प्लेट बरामद

बहराइच। हरदी थाना पुलिस ने पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों को जेल भेजने की धमकी देकर धन उगाही करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 किलो 795 ग्राम अवैध गांजा, एक तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, फर्जी नंबर प्लेट, पुलिस की वर्दी, नकदी और मोबाइल फोन समेत अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी और क्षेत्राधिकारी महसी पवन कुमार के पर्यवेक्षण में हरदी थाना पुलिस ने कार्रवाई की।

पुलिस को सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग के रेनॉल्ट ट्राइबर वाहन में सवार कुछ लोग पुलिसकर्मी बनकर संदिग्ध गतिविधियां कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने सिंघिया नसीरपुर गांव के पास वाहन को रोककर जांच की। वाहन में चालक पुलिस उपनिरीक्षक की वर्दी में था, जबकि अन्य लोग भी पुलिसकर्मी का रूप धारण किए हुए थे।
जांच के दौरान आरोपियों से पुलिस विभाग का परिचय पत्र और वाहन के वैध अभिलेख मांगे गए, लेकिन वे कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट भी लगी मिली। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे राजी चौराहा क्षेत्र में दुकानदारों को जबरन वाहन में बैठाकर जेल भेजने का भय दिखाते और पैसे की मांग करते थे।
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि गिरोह के सदस्य दुकानदारों को गांजा रखने और बेचने के आरोप में जेल भेजने की धमकी देकर वसूली का प्रयास करते थे। आगे की पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि गिरोह के अन्य सदस्य अवैध गांजा की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचते हैं।

पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 7 किलो 795 ग्राम गांजा, 315 बोर का एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, 8,270 रुपये नकद, छह एंड्रॉयड मोबाइल फोन, पुलिस की वर्दी, पी-कैप, पुलिस बैज, प्लास, रिंच तथा दो फर्जी नंबर प्लेट बरामद कीं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समर बहादुर सिंह निवासी पीपरी, सुल्तानपुर हाल पता लखनऊ, श्रीप्रकाश द्विवेदी उर्फ प्रकाश दूबे निवासी जाल्हेपुर थाना गोल्हौरा, सिद्धार्थनगर, मूले अवस्थी उर्फ अवधेश अवस्थी निवासी महसी तथा वीरेंद्र उर्फ छोटू निवासी टेड़वा, महसी, बहराइच के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं। आरोपियों के खिलाफ हरदी थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेजा गया है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष हरदी आलोक सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक श्याम सिंह यादव, उपनिरीक्षक जीतेंद्र कुमार सहित पुलिस टीम के अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
