दो दिन पहले जामुन की गुठली फेंकने से शुरू हुआ विवाद बना रणक्षेत्र, फायरिंग का वीडियो सामने; पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
एटा/राजा का रामपुर। थाना राजा का रामपुर क्षेत्र के गांव नगला बनी में जामुन की गुठली को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद रविवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। पहले तमंचों से ताबड़तोड़ फायरिंग हुई, फिर दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और फावड़े के बेंट चले। हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के सात लोग घायल हो गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक युवक हाथ में तमंचा लहराते हुए दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है। पुलिस ने मामले में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शुक्रवार को शुरू हुआ विवाद, शनिवार को पुलिस कार्रवाई, रविवार को खूनी संघर्ष
पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह एक बच्चे द्वारा जामुन की गुठली एक पक्ष की बुजुर्ग महिला की ओर फेंकने के बाद विवाद शुरू हुआ था। शनिवार को दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया और शांति भंग की कार्रवाई भी की गई। इसके बावजूद रविवार दोपहर दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद फायरिंग और मारपीट में बदल गया।

एक पक्ष का आरोप: दादी पर हमला, फिर फावड़े के बेंट से सिर फोड़ा और की फायरिंग
घायल अंशुल पुत्र जनवेश सिंह निवासी नगला बनी ने बताया कि शुक्रवार को उनकी दादी श्यामा देवी (65) खेत पर जा रही थीं। आरोप है कि विपक्ष के अतुल, मानु, सचिन और मुकेश ने उनकी दादी पर जामुन की गुठली फेंकी। विरोध करने पर मानु की मां सुनीता ने डंडे से उनकी दादी पर हमला कर दिया, जिनका शनिवार को मेडिकल भी कराया गया।
अंशुल का आरोप है कि रविवार को उनकी दादी फिर खेत जा रही थीं, तभी उनके भाई का फोन आया कि विपक्षी उनके माता-पिता के साथ मारपीट कर रहे हैं। मौके पर पहुंचते ही अनुपम ने उनके सिर पर फावड़े के बेंट से हमला कर दिया। इसके बाद विपक्षी पक्ष ने तमंचों से फायरिंग शुरू कर दी।
दूसरे पक्ष का दावा: बाहर से 10 युवक बुलाकर किया हमला, घर में घुसकर बाइक तोड़ी
दूसरे पक्ष के अनूप पुत्र सतीश चंद्र निवासी नगला बनी ने बताया कि शुक्रवार को केवल बच्चों के बीच विवाद हुआ था। उनका आरोप है कि रविवार को दूसरे पक्ष का अंकुल पुत्र राजेश सिंह बाहर से करीब दस युवकों को बाइकों पर लेकर आया। इसके बाद फायरिंग और मारपीट की गई, जिसमें अनीता घायल हो गईं।
अनूप ने आरोप लगाया कि हमलावर उनके घर में घुस गए और उनकी मोटरसाइकिल भी तोड़ दी। उन्होंने कहा कि अपनी सुरक्षा में उन्हें भी जवाब देना पड़ा। घटना की सूचना उनके चाचा श्यामवीर ने पुलिस को दी थी, जो उस समय कायमगंज में थे।
दोनों पक्षों के सात लोग घायल
घटना में प्रथम पक्ष के अंशुल (17) पुत्र जनवेश सिंह तथा राजेश (40) पुत्र श्याम सिंह निवासी नगला बनी घायल हुए।
दूसरे पक्ष से श्यामवीर (26) पुत्र चंद्रपाल निवासी नगला बनी, शिवम (20) पुत्र विजय सिंह निवासी पहरैया, सर्वेंद्र (30) पुत्र अजब सिंह निवासी पहरैया, अनिल कुमार (19) पुत्र सतीश चंद्र निवासी नगला बनी तथा सचिन (18) पुत्र सतीश चंद्र निवासी नगला बनी घायल हुए। सभी घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है।
पुलिस का दावा: गांव में शांति, आरोपियों पर होगी सख्त कार्रवाई
थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यपाल सिंह ने रविवार रात करीब नौ बजे बताया कि शुक्रवार को हुए विवाद के बाद शनिवार को दोनों पक्षों पर मुकदमा दर्ज कर शांति भंग की कार्रवाई की गई थी। रविवार को दोबारा विवाद हुआ, जिसमें फायरिंग और लाठी-डंडों से मारपीट हुई। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया। मामले में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। गांव में पुलिस बल तैनात है और शांति व्यवस्था कायम है। घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश
