शिक्षकों ने मुख्यमंत्री से रिटायरमेंट बाद भी कैशलेस चिकित्सा सुविधा जारी रखने की मांग की

अलीगंज। टीचर्स सेल्फ केयर टीम के जिला सहसंयोजक गणेश तिवारी के नेतृत्व में शिक्षकों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन में क्षेत्रीय विधायक ठाकुर सतपाल सिंह राठौड़ के आवास पर पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से उत्तर प्रदेश सरकार से शिक्षकों को सेवानिवृत्ति के बाद भी कैशलेस चिकित्सा सुविधा जारी रखने तथा किसी स्वजन की मृत्यु के बाद 13 दिन का अवकाश की मांग की गई।

जिला सहसंयोजक गणेश तिवारी ने कहा कि चिकित्सा सुविधा की आवश्यकता नौकरी के दौरान ही नहीं, बल्कि सेवानिवृत्ति के बाद अधिक होती है। ऐसे में शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा को रिटायरमेंट के बाद भी जारी रखा जाना चाहिए।

उन्होंने शिक्षकों को मिलने वाले अवकाश का मुद्दा भी उठाया। कहा कि सरकार द्वारा शिक्षकों को एक वर्ष में मात्र 14 आकस्मिक अवकाश (सीएल) मिलते हैं। इसके अतिरिक्त कोई विशेष अवकाश नहीं है। ऐसे में किसी शिक्षक के स्वजन की मृत्यु होने पर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी करने में परेशानी का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि शिक्षकों एवं समस्त स्टाफ के किसी स्वजन की मृत्यु होने पर अंतिम संस्कार के लिए 15 दिन का विशेष अवकाश प्रदान किया जाए। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म में मृत्यु के बाद 13 दिनों तक अंतिम संस्कार की विभिन्न प्रक्रियाएं पूरी की जाती हैं। इसी प्रकार अन्य धर्मों में भी अंतिम संस्कार से जुड़ी धार्मिक मान्यताएं होती हैं।

ज्ञापन देने वालों में जिला सहसंयोजक मिथुन यादव, नरेंद्र सिंह, ब्लॉक संयोजक राजेश शाक्य, अंकुर सक्सेना, सचिन गुप्ता, रमन दीक्षित, योगेश शर्मा सहित अलीगंज क्षेत्र के तमाम शिक्षक मौजूद रहे।

दिलीप सिंह मंडल ब्यूरो एटा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *