एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया शुभारंभ, बच्चों और पुलिसकर्मियों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां
बहराइच। रिजर्व पुलिस लाइन्स बहराइच में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व परंपरागत श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव एवं उनकी धर्मपत्नी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर पुलिस लाइन्स स्थित मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकी स्थापित की गई। पुलिस मॉडर्न स्कूल के बच्चों, मेट्रो डांस अकादमी, पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और उनके जीवन से जुड़े प्रसंगों पर आधारित प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोह लिया।

रात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के शुभ अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना और आरती का आयोजन किया गया। मध्यरात्रि में जन्मोत्सव के साथ ही ‘जय श्रीकृष्ण’ और ‘जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से पुलिस लाइन्स परिसर भक्तिमय हो उठा। इसके बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया।

थानों में भी हुए धार्मिक आयोजन
जन्माष्टमी के अवसर पर जनपद के विभिन्न थानों में भी पुलिसकर्मियों द्वारा पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन एवं प्रसाद वितरण सहित धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों के साथ सहभागिता करते हुए पर्व को आपसी सौहार्द और भाईचारे के वातावरण में मनाया।

सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
जन्माष्टमी पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए बहराइच पुलिस द्वारा जनपद में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावी निगरानी की, जिससे श्रद्धालु निर्भीक होकर पर्व मना सकें।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण/नगर, समस्त क्षेत्राधिकारी, अन्य पुलिस अधिकारी, पुलिसकर्मी एवं उनके परिवारजन मौजूद रहे।
