ट्रैक्टर की चपेट में आने से ग्रामीण की मौत, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा

अलीगंज। थाना अलीगंज क्षेत्र के ग्राम दादूपुर खुर्द में ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई थी। मृतक के बेटे द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना पुलिस ने विवेचना के बाद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

तहरीर के अनुसार ग्राम दादूपुर खुर्द निवासी प्रवेश पुत्र रामौतार ने बताया कि 29 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे उसके पिता रामौतार पुत्र रामेश्वर सिंह, उम्र करीब 45 वर्ष, गांव में चारपाई पर बैठे हुए थे। इसी दौरान गांव का ही गौरव पुत्र कुलवीर सिंह अपना स्वराज ट्रैक्टर लापरवाही से चलाते हुए वहां पहुंचा। आरोप है कि चालक ने ट्रैक्टर को लापरवाही से चलाते हुए उसके पिता के ऊपर चढ़ा दिया।

हादसे में रामौतार गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। मृतक के बेटे प्रवेश ने घटना के संबंध में थाना अलीगंज पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की विवेचना की। विवेचना के बाद पुलिस ने आरोपी गौरव के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

दिलीप सिंह मडल ब्यूरो एटा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *