अलीगंज। क्षेत्र के ग्राम सुमौर में रविवार सुबह प्लास्टर का कार्य कर रहे एक राजमिस्त्री की 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजन घायल अवस्था में राजमिस्त्री को अलीगंज सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम चमन नगरिया मोहम्मद नगर बसेरा निवासी रामशरन पुत्र दीनदयाल रोज की तरह रविवार सुबह करीब आठ बजे काम के लिए घर से निकले थे। वह ग्राम सुमौर निवासी सचिन कुमार के मकान की बाहरी दीवार पर प्लास्टर का कार्य कर रहे थे। बताया गया कि रामशरन दूसरी मंजिल पर प्लास्टर कर रहे थे और उनके ऊपर से 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन गुजर रही थी।

काम के दौरान अचानक बल्ली टूट गई, जिससे रामशरन का संतुलन बिगड़ गया। इसी दौरान उनका हाथ ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गया। तार के संपर्क में आते ही उन्हें जोरदार करंट लगा और वह विद्युत तार से चिपक गए। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह उन्हें तार से अलग कराया और आनन-फानन में अलीगंज सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एटा भेज दिया। रामशरन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

मृतक के भाई विजयपाल ने बताया कि उनका भाई रोज की तरह सुबह आठ बजे काम के लिए घर से निकला था। सुमौर में सचिन कुमार के यहां प्लास्टर का काम चल रहा था। मकान के ऊपर से 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन गुजर रही थी। बल्ली टूटने से संतुलन बिगड़ने पर हाथ विद्युत लाइन से छू गया, जिससे करंट लगने से उसकी मौत हो गई।
दिलीप सिंह, मंडल ब्यूरो एटा
